जमशेदपुर:
झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले का दौरा कर विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। परिसदन भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति श्री सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की। बैठक में सदस्य श्री मंगल कालिंदी और श्री रोशन लाल चौधरी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान समिति ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, आधारभूत संरचनाओं के विकास, योजनाओं की पूर्णता-अपूर्णता और उनकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। समीक्षा के दौरान विधायक फंड, आपूर्ति विभाग, कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास, जेएनएसी, खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भवन निर्माण, पथ निर्माण, जिला परिषद, लघु सिंचाई एवं शहरी जलापूर्ति योजनाओं पर विशेष फोकस किया गया।
समिति ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं, खाद्यान्न वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और शिकायतों के त्वरित निपटारे पर भी जोर दिया गया। राशन डीलरों पर कार्रवाई की स्थिति में लाभुकों को नजदीकी दुकानों से जोड़कर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा धान अधिप्राप्ति के भुगतान में तेजी लाने, निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लंबित योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया। भूमि विवाद जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
छात्रवृत्ति वितरण को समय पर सुनिश्चित करने, अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने तथा औद्योगिक इकाइयों द्वारा प्रदूषण फैलाने के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
समिति के सभापति श्री सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, एडीसी श्री संतोष गर्ग, एडीएम एसओआर श्री राहुल आनंद, कल्याण पदाधिकारी श्री शंकराचार्य समद, डीसीएलआर श्री सचिदानंद महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: आनंद किशोर