बुधनगर सारनाथ कॉलोनी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से पानी का रिसाव, सड़कों पर भरा गंदा पानी
बुधनगर सारनाथ कॉलोनी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से पानी का रिसाव, सड़कों पर भरा गंदा पानीवाराणसी के सारनाथ क्षेत्र की बुधनगर कॉलोनी में स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से पानी का लगातार लीकेज होने के कारण आसपास के इलाकों में गंदा पानी भर गया है। पिछले कई दिनों से यह समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी की सड़कों और गलियों में सीवेज का पानी जमा होने से बदबू फैल रही है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाला गंदा पानी सही तरीके से निकासी नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण पानी सड़क पर बह रहा है और कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लीकेज को तुरंत ठीक कराया जाए और इलाके में जमा गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।