Hemendra Kumar baidh की रिपोर्ट
कोंडागांव जिले के बड़ेराजपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिहागांव में पारंपरिक मेला बड़े ही श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विशेष रूप से बालेंगा, आमगांव और पातरीपारा सहित कई गांवों के ग्रामीण मेले में शामिल होकर पूजा-अर्चना और पारंपरिक अनुष्ठानों में सहभागी बने।
मेले के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान देव लत और अंगाओं को शुद्ध हजारी फूल, गेंदा फूल तथा अन्य सुगंधित फूलों की मालाओं से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति की सुगंध से महक उठा। फूलों से सजे देव प्रतीक और श्रद्धालुओं की पारंपरिक वेशभूषा ने मेले की भव्यता को और भी बढ़ा दिया।
ग्रामीणों के अनुसार यह मेला केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि गांव की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का भी जीवंत उदाहरण है। मेले में उत्साह, अनुशासन और सामूहिक भागीदारी का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।