नगर पालिका चुनाव 2026 : गोलमुरी-जुगसलाई में पोलिंग पार्टी डिस्पैच व मतगणना तैयारियों का डीईओ कर्ण सत्यार्थी ने किया निरीक्षण
जमशेदपुर, 20 फरवरी
नगर पालिका चुनाव 2026 को सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर एवं मतगणना सह बज्रगृह केंद्र में चल रही तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामग्री वितरण केंद्र, स्ट्रांग रूम, पार्किंग स्थल तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान कर्मियों को सामग्री वितरण प्रक्रिया सुव्यवस्थित, समयबद्ध और सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके लिए स्पष्ट काउंटर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज तथा सहायता काउंटर की व्यवस्था करने को कहा गया।
स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास नियंत्रण एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की गई। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पोलिंग पार्टियों के वाहनों के लिए अलग पार्किंग, रूट चार्ट की स्पष्ट जानकारी तथा प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार रखने पर जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की प्रत्येक कड़ी को गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
✍️ रिपोर्ट: पत्रकार आनंद किशोर