नगर निकाय चुनाव से पहले अवैध शराब पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो छापेमारी में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
जमशेदपुर | रिपोर्ट: आनंद किशोर
नगर निकाय चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दो अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग की टीम ने 21 फरवरी 2026 को विशेष अभियान के तहत बोड़ाम थाना क्षेत्र के ग्राम लावजोड़ा में विक्रम महतो के घर छापेमारी की। जांच के दौरान पश्चिम बंगाल राज्य में बिक्री के लिए अनुमत विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब एवं बीयर का अवैध भंडारण पाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 33.420 लीटर विदेशी शराब एवं 9.100 लीटर बीयर बरामद की गई। छापेमारी दल की सतर्कता से आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इससे पूर्व 20 फरवरी 2026 को सटीक सूचना के आधार पर जुगसलाई नगर परिषद से सटे बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा पश्चिम जटाझुपड़ी में मुनमुन दास के घर छापेमारी की गई। यहां से 09 पेटियों एवं एक छोटे बोरे में रखी कुल 80.280 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि स्थानीय लोगों के असहयोग एवं घर के मुख्य द्वार पर ताला बंद होने का लाभ उठाकर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया। पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) एवं 55 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों एवं अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब के भंडारण एवं वितरण को रोकने के लिए निगरानी और अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट: आनंद किशोर