गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बरेसर पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। शुक्रवार को थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न गांवों में दबिश देकर न्यायालय से वांछित आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटियों में खानपुर गांव निवासी रामभजन बिन्द और शिवधनी बिन्द, चकजैनब निवासी कुवेर वारी तथा सिपाह तिलठिया निवासी राजेश शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध विभिन्न मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है तथा वारंटियों और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।