कौशाम्बी | प्रतिनिधि
दिल्ली से एक पार्थिव शरीर लेकर झारखंड जा रही एंबुलेंस शनिवार सुबह कोखराज थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नंदमई मोड़ के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें सवार छह लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिराथू भेजा।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में एंबुलेंस चालक आकाश, मंजू (28 वर्ष), जाह्नवी (6 वर्ष), अंजलि (7 वर्ष), ललिता देवी (42 वर्ष) तथा हरखू (35 वर्ष) घायल हुए हैं। इनमें से अंजलि की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि एंबुलेंस में एक पार्थिव शरीर भी रखा हुआ था, जिसे दिल्ली से झारखंड ले जाया जा रहा था। दुर्घटना के बाद पार्थिव शरीर एंबुलेंस में ही सुरक्षित रखा गया है। संबंधित परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।