जिले में आंधी और बारिश के कहर से दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। दूनी का पुरवा गांव में कच्चा मकान ढहने से मां और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि सिराथू क्षेत्र में टीन शेड गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई।
सदर तहसील क्षेत्र के दूनी का पुरवा मजरा पूरब शरीरा में गुरुवार देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय ईंट-भट्ठा मजदूर मंगर सरोज की 26 वर्षीय पत्नी माया देवी अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी।
मलबे में दबने से माया देवी, चार वर्षीय बेटी श्वेता और तीन वर्षीय बेटे अनुभव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छह वर्षीय पुत्र अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि घटना के समय मंगर सरोज ईंट-भट्ठे पर काम करने गया हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार घर के सामने लगा नीम का पेड़ तेज आंधी में गिर गया, जिससे मकान ढह गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
वहीं, सिराथू तहसील क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में तेज आंधी के दौरान टीन शेड गिरने से 50 वर्षीय चंद्रभवन पुत्र शुकरु की मौत हो गई।
इसके अलावा जिले के अन्य हिस्सों में भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने, छप्पर उड़ने और दीवारें ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। कई मवेशियों की मौत होने और कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने बताया कि नुकसान के आकलन के लिए राजस्व विभाग की टीमें मौके पर भेजी गई हैं और पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।