Meerut: 6 लोगों की हत्या का दोषी वाजिद, तिहाड़ से 10 घंटे के पैरोल पर आया मेरठ, निकाह के बाद फिर पहुंचा जेल
मेरठ। तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे एक चर्चित हत्याकांड के दोषी वाजिद को सोमवार को अदालत से मिली पैरोल के तहत कुछ घंटों के लिए मेरठ लाया गया। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उसने दौराला क्षेत्र स्थित अपने गांव में रिश्तेदारी में तय युवती से निकाह किया। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस उसे वापस तिहाड़ जेल लेकर रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, वाजिद एक बहुचर्चित छह लोगों की हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और वर्तमान में उम्रकैद की सजा काट रहा है। अदालत द्वारा स्वीकृत पैरोल के आधार पर उसे निकाह में शामिल होने की अनुमति दी गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली पुलिस वाजिद को मेरठ लेकर पहुंची और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे गांव समौली अख्तियारपुर ले जाया गया। वहां जानी क्षेत्र के पावटी अफजलपुर निवासी नसीम अहमद अंसारी की पुत्री यासमीन के साथ उसका निकाह संपन्न कराया गया।
निकाह समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। दिल्ली पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस भी मौके पर तैनात रही। कार्यक्रम सीमित लोगों की मौजूदगी में संपन्न कराया गया।
सीओ दौराला प्रकाशचंद अग्रवाल ने बताया कि अदालत से स्वीकृत पैरोल के आधार पर कैदी को मेरठ लाया गया था। निर्धारित समय के भीतर निकाह की प्रक्रिया पूरी कराए जाने के बाद उसे वापस दिल्ली ले जाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरी प्रक्रिया कानूनन निर्धारित शर्तों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संपन्न कराई गई।