मोहम्मदगंज (पलामू)। मोहम्मदगंज प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से सांसद को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और सिंचाई से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि मोहम्मदगंज प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी चिकित्सक पदस्थापित नहीं है, जिसके कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र में जल्द चिकित्सकों की नियुक्ति करने की मांग की।
इसके अलावा पीएम श्री अपग्रेडेड 10+2 उच्च विद्यालय, मोहम्मदगंज में पीजीटी शिक्षकों की कमी दूर करने तथा आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति कराने की मांग भी उठाई गई।
सड़क समस्या को लेकर मोहम्मदगंज-महुदंड मुख्य पथ को मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ से जोड़ने के लिए स्टेशन रोड से पदार्थडीह होते हुए कासीस्त्रोत नदी तक आरसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बी मोड़शिड से मोहम्मदगंज विद्युत उपकेंद्र तक स्थापित तार-पोल को विद्युत उपकेंद्र से जोड़कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई, ताकि आपात स्थिति में हुसैनाबाद क्षेत्र को भी निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा सके।
वहीं ग्राम भजनिया पोटो गांव के पास सिंचाई नहर पर अधूरे पुल निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई।
स्थानीय लोगों ने सांसद से इन सभी जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।