ऑपरेशन यात्री सेवा: जपला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने पेश की मानवता की मिसाल, बीमार बुजुर्ग को सुरक्षित कराया ट्रेन में सफर
पलामू: भारतीय रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) केवल रेल संपत्तियों और यात्रियों की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद यात्रियों की सहायता कर मानवता का भी परिचय दे रही है। इसी कड़ी में रविवार को जपला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने सेवा और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, हैदरनगर थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव निवासी 62 वर्षीय अवध प्रसाद गंभीर रूप से बीमार थे। शारीरिक रूप से अत्यंत कमजोर होने के कारण वे स्वयं चलने-फिरने में असमर्थ थे, लेकिन उन्हें आवश्यक कार्यवश रेल यात्रा करनी थी। उनकी स्थिति की सूचना मिलते ही जपला रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट की टीम तत्काल सक्रिय हो गई।
जपला आरपीएफ पोस्ट के उपनिरीक्षक कार्तिक बिंझा ने अपने सहयोगी जवानों के साथ मिलकर बीमार यात्री के लिए स्ट्रेचर की व्यवस्था कराई। इसके बाद अवध प्रसाद को सावधानीपूर्वक स्ट्रेचर पर लिटाकर ट्रेन संख्या 53611 तक पहुंचाया गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद भीड़ और ट्रेन के सीमित ठहराव के बावजूद आरपीएफ जवानों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए बुजुर्ग यात्री को सुरक्षित रूप से कोच के अंदर पहुंचाकर उनकी सीट पर बैठाया।आरपीएफ की इस मानवीय पहल से बुजुर्ग यात्री के परिजन भावुक हो उठे और उन्होंने टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी आरपीएफ के सेवा भाव और संवेदनशीलता की सराहना की।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन यात्री सेवा’ का उद्देश्य रेल यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और बीमार यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सेवा के लिए भी सदैव प्रतिबद्ध है।आरपीएफ के इस सराहनीय कार्य ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वर्दी केवल सुरक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और मानवता का भी परिचायक है