June 10, 2026

पेयजल संकट बर्दाश्त नहीं, 24 घंटे में दुरुस्त हों खराब हैंडपंप: सीडीओ

लापरवाह सचिव का वेतन रोका, आईजीआरएस रैंकिंग सुधारने पर दिया जोर

चित्रकूट। कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल की अध्यक्षता में तहसील मानिकपुर अंतर्गत ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानिकपुर तहसील के ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सीडीओ ने रिबोर कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब रिबोर के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है, तो कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के सभी खराब हैंडपंपों को 24 घंटे के भीतर चालू कराया जाए।

सीडीओ ने बताया कि पाठा क्षेत्र की आठ चिन्हित ग्राम पंचायतों में वर्तमान में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने जल जीवन मिशन और टैंकरों के जरिए नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन के पास टैंकरों की कमी नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार किराये पर अतिरिक्त टैंकर लेकर प्रभावित क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जाए। जिन इलाकों में भूजल स्तर नीचे जाने से हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया है, वहां टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति ही विकल्प होगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रमुख बाजारों और चौराहों पर आम जनता के लिए प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। ग्राम पंचायत सचिवों से कहा गया कि वे जनता के फोन कॉल अनिवार्य रूप से रिसीव करें और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें।

उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों का कलक्ट्रेट तक पहुंचना चिंताजनक है, क्योंकि इससे जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित होती है। शिकायतों का समाधान ग्राम स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

मानिकपुर में नियमित जलापूर्ति को लेकर जल संस्थान के अधिकारियों द्वारा जानकारी दिए जाने पर सीडीओ ने संबंधित अवर अभियंता को प्रतिदिन क्षेत्र में रहकर निरीक्षण करने और जनता से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर ग्राम पंचायत सचिव करौंहा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीडीओ मानिकपुर को उनका वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सचिवों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से स्वच्छता कार्यों का भौतिक निरीक्षण करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी चंद्रशेखर, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह, एसडीएम मानिकपुर मो. जसीम, जल संस्थान के अधिकारी, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

ANKIT PAHARIYA

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION