हुसैनाबाद, पलामू। चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में हुई हालिया घटना को लेकर क्षत्रिय जागृति मंच ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। मंच के संस्थापक सह सचिव प्रेमतोष कुमार सिंह उर्फ गुड्डू ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए।
प्रेमतोष सिंह ने दावा किया कि घटना से पूर्व भूमि विवाद और अन्य घटनाक्रमों को लेकर कुछ शिकायतें सामने आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ लोगों को गलत तरीके से मामले से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच आवश्यक है। मंच ने प्रशासन से अपील की है कि जांच पूरी होने तक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
क्षत्रिय जागृति मंच ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। मंच का कहना है कि दोषी चाहे किसी भी जाति, धर्म या समुदाय का हो, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रेमतोष सिंह ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर मंच के प्रतिनिधि घटनास्थल का दौरा कर स्थिति की जानकारी लेंगे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई और कानून के शासन को सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की।