June 10, 2026

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली

कौशांबी। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर कस्बा स्थित डॉ. ए.एच. रिजवी डिग्री कॉलेज के 17 यूपी बटालियन एनसीसी कैडेट्स ने शुक्रवार को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। कैडेट्स ने रैली निकालकर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और युवाओं से इस लत से दूर रहने की अपील की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंधक कर्रार हुसैन, प्राचार्य डॉ. एम.एस. तौफीक तथा बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश सक्सेना ने किया।

इस अवसर पर कर्रार हुसैन ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह परिवार और समाज की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को निकोटीन के दुष्प्रभावों तथा भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की सलाह दी।

प्राचार्य डॉ. एम.एस. तौफीक ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, डॉ. राजेश सक्सेना ने कहा कि विश्वभर में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु तंबाकू सेवन से संबंधित बीमारियों के कारण होती है, जिनमें विकासशील देशों के नागरिकों की संख्या अधिक है।

एनसीसी अधिकारी डॉ. मोहित कुमार त्रिपाठी ने कैडेट्स को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। इसके बाद कैडेट्स ने तंबाकू के दुष्प्रभावों से संबंधित पोस्टर एवं बैनर के साथ करारी कस्बे के प्रमुख मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय डॉ. मोहित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Written by

ANAND KUMAR DWIVEDI

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION