April 6, 2026

कांग्रेस का हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप, असम सीएम ने दिया जवाब

कांग्रेस पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे भारत में मुख्यमंत्री के पद पर बैठे किसी व्यक्ति और उनके परिवार से जुड़ा अब तक का सबसे गंभीर आरोप बताया है.

पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन देशों के पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया है.

वहीं मुख्यमंत्री सरमा और उनकी पत्नी ने कांग्रेस के इन आरोपों को ख़ारिज किया है और इसे कांग्रेस की हताशा बताया है.

सरमा ने पवन खेड़ा पर मानहानि का मामला दर्ज कराने की बात कही है. वहीं उनकी पत्नी ने कांग्रेस की ओर से पेश किए गए दस्तावेज़ को फ़ोटोशॉप बताया है.
हमारे कुछ समर्थकों ने विदेश से बहुत सनसनीखेज़ कुछ काग़ज़ भेजे हैं. ये ऐसे काग़ज़ हैं जो मुझे नहीं लगता कि आज़ाद भारत की राजनीति में इतनी बड़ी बात किसी सिटिंग मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के ख़िलाफ़ सामने आई हो.”

“हम ख़ुद हैरान हुए कि क्या ये संभव भी है. हम देखते हैं कि कई लोग आटे में नमक डालते हैं, नमक में आटा वो भी इतनी बेशर्मी से, इतना खुलकर, इतनी निडरता से. जैसे कि उन्हें लगता है कि उन्हें कोई पकड़ ही नहीं सकता.”

“सबसे पहले एक चौंकाने वाली जानकारी कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन पासपोर्ट हैं. तीनों पासपोर्ट चालू पासपोर्ट हैं, एक्सपायर नहीं हुए हैं.”
पवन खेड़ा का आरोप है कि रिनिकी भुइयां सरमा के पास यूएई, एंटीगुआ और बारबुडा, और मिस्र का पासपोर्ट है. उन्होंने इसके समर्थन के कुछ दस्तावेज़ों की कॉपी भी दिखाई है.

हालाँकि बीबीसी इन दस्तावेज़ों की पुष्टि नहीं करता है.

पवन खेड़ा ने कहा है कि हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पासपोर्ट सही हैं या नहीं यह अमित शाह बताएं.

पवन खेड़ा ने कहा, “एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री की पत्नी भारत की नागरिक नहीं हैं. अगर वो भारत की नागरिक हैं और अगर ये पासपोर्ट सही हैं तो यह ग़ैरकानूनी है. और ये पासपोर्ट सही हैं या नहीं अमित शाह इसके लिए जांच बैठाएं.”

उन्होंने कहा, “पासपोर्ट्स के बारे में जांच आज बैठाएं. ये चुनाव प्रचार छोड़िए. ये लुटेरों की सरकार है असम में और ये फ़रार होने की तैयारी है. अगर वो चुनाव हारते हैं तो देश छोड़ कर भाग जाएंगे. कौन तीन-तीन पासपोर्ट रखता है. हमें नहीं पता हिमंत के पास कितने पासपोर्ट हैं. हो सकता है उनके पास भी हों.”

पवन खेड़ा ने कहा, “कोई और राजनेता बताइए जो इस तरह की हरकतें करता हो. विदेशों की संपत्तियाँ हैं. तीन पासपोर्ट- कैसे और क्यों? क्या आप एक अपराधी हैं कि आपको तीन-तीन पासपोर्ट की ज़रूरत पड़ती है.”
पवन खेड़ा के आरोपों पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया एक्स पर जवाब दिया है.

सरमा ने लिखा, “पवन खेड़ा की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरे असंतोष और घबराहट को दिखाती है. जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह के हताश और बेबुनियाद हमले केवल उनके कमज़ोर होते जनाधार को ही उजागर करते हैं.”

“मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता हूँ. ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका मक़सद असम की जनता को गुमराह करना है.”

मुख्यमंत्री हिमंत ने लिखा, “मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के ख़िलाफ़ क्रिमिनल और सिविल मानहानि के मुक़दमे दायर करेंगे.”

हिमंत बिस्वा सरमा ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “जो दस्तावेज़ सर्कुलेट किए जा रहे हैं, उनमें कई स्पष्ट विसंगतियाँ दिख रही हैं, जिनसे पता चलता है कि यह डिजिटल हेरफेर की एक कमज़ोर और ख़राब कोशिश है. इसमें आधिकारिक सरनेम ‘SHARMA’ की जगह ‘SARMA’ का इस्तेमाल किया गया है.”

“इसकी तस्वीर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कोई तस्वीर लगती है, न कि स्टैंडर्ड बायोमेट्रिक कैप्चर. इसकी यूआईडी का क्रम जन्म के अपेक्षित वर्ष के पैटर्न से मेल नहीं खाता. साथ ही राष्ट्रीयता को लेकर बेमेल दिखता है.”
इसके अलावा भी हिमंत बिस्वा सरमा ने कई दावों के आधार पर पवन खेड़ा के आरोपों को ख़ारिज किया है और उन्हें जेल की सज़ा की चेतावनी दी है.

हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयाँ सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आपकी सिर्फ तपस्या में ही नहीं, एआई जेनेरेशन और फ़ोटोशॉपिंग में भी कमी रह गई.”

उन्होंने लिखा, “मुझे उम्मीद थी कि एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता बुनियादी सावधानी बरतेंगे, न कि मनगढ़ंत पासपोर्ट और दस्तावेज़ों की घटिया ढंग से बनाई गई तस्वीरें फैलाएंगे. अब मैं कानून को अपना काम करने दूँगी. आपराधिक आरोप लगाए जा रहे हैं. हम इस मामले को अदालत में आगे बढ़ा सकते हैं.”
हिमंत बिस्वा सरमा पर पवन खेड़ा के लगाए गंभीर आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “हिमंत सरमा देश के सबसे भ्रष्ट और सबसे सांप्रदायिक मुख्यमंत्री हैं. हिमंत सरमा ने असम की जनता को धोखा दिया है और गुमराह किया है – इसका सबूत जनता के सामने है. असम की जनता उनके भ्रष्टाचार को कभी माफ़ नहीं करेगी – सज़ा तय है.”

पवन खेड़ा के आरोपों पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लिखा, “हिमंत बिस्वा सरमा से जुड़े चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं. एक से ज़्यादा पासपोर्ट रखना और अपनी संपत्तियों का ब्यौरा न देना एक गंभीर और आपराधिक मामला है.”

“उन्होंने असम से अपने विदेशों में स्थित बैंक खातों में कितना पैसा भेजा है? इस मामले में और ज़्यादा जाँच की ज़रूरत है. हिमंत बिस्वा सरमा असम राज्य और भारत के लिए शर्मिंदगी का सबब बन गए हैं. उन्हें इन सवालों के जवाब देने होंगे और अपने अपराध की सज़ा भुगतनी होगी.”

SANJAY PANDEY

SANJAY PANDEY

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION