उरई (जालौन): जनपद जालौन के उरई मुख्यालय पर ईद-उल-फितर का पर्व अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी गौरवशाली सामाजिक परंपरा को निभाते हुए ईदगाह के पास एक भव्य पंडाल लगाया। यहाँ बसपा के दिग्गजों ने नमाज अदा कर लौट रहे मुस्लिम भाइयों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गले लगाकर ईद की दिली मुबारकबाद दी।
इस गरिमामय कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अतर सिंह पाल के नेतृत्व में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व जिला अध्यक्ष धीरेंद्र चौधरी, किशनलाल पाल, सौरभ चौधरी और जिला प्रभारी उदय बिलाया ने उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही पूर्व छात्रसंघ महामंत्री दीपू विनोरा, आदेश भंते, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेश गौतम जी, अमित भारती, संजय गौतम, महेंद्र सोमई, और भगवती पांचाल सहित भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
उपस्थित नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि ईद का त्योहार हमें प्रेम, त्याग और समर्पण की सीख देता है। बसपा हमेशा से “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” के सिद्धांत पर चलते हुए सभी धर्मों के त्योहारों का सम्मान करती आई है। नेताओं ने जोर दिया कि समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता बनाए रखना ही देश की असली ताकत है। इस मिलन कार्यक्रम ने न केवल राजनीतिक बल्कि एक मजबूत सामाजिक संदेश भी दिया, जिसकी स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की।