लखीमपुर खीरी। दक्षिण खीरी वन प्रभाग की शारदानगर रेंज स्थित फूलबेहड़ वन चौकी से संबंधित कथित ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
दक्षिण खीरी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) तापस मिहिर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शारदानगर रेंज के रेंजर को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो और वीडियो में वन विभाग के एक कर्मचारी तथा अन्य व्यक्तियों के बीच कथित आर्थिक लेन-देन की बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन ऑडियो-वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि संबंधित कर्मचारी का पूर्व में स्थानांतरण हो चुका है। विभागीय सूत्रों के अनुसार इस संबंध में भी तथ्यों की जांच की जा रही है।
डीएफओ तापस मिहिर ने कहा कि जांच निष्पक्ष रूप से कराई जाएगी तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।