डीएम ने किया धनुष चौराहे से पटेल तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
चित्रकूट। जनपद की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं शहरी सौंदर्य में अभिवृद्धि हेतु जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा आज बुधवार को चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत धनुष चौराहे से पटेल तिराहे तक स्वीकृत सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया गया।
उक्त महत्वाकांक्षी परियोजना हेतु शासन द्वारा ₹1298.00 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान परियोजना के तहत प्रस्तावित मुख्य सड़क के चौड़ीकरण, सर्विस रोड के निर्माण और पैदल यात्रियों हेतु फुटपाथ के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि निर्माण संबंधी समस्त औपचारिकताओं को पूर्ण करते हुए धरातल पर कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ किया जाए।
परियोजना की राह में आ रहे विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों के संबंध में निर्देश दिया गया कि इन्हें तत्काल अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य निर्बाध गति से चल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि परियोजना निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हो सके और आम जनमानस को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर परियोजना से संबंधित आर्किटेक्ट पवन सिंह अवर अभियंता (विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण) सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।