डीएम ने सिद्धपुर मे फार्मर रजिस्ट्री कार्य का किया निरीक्षण* -कार्य में तेजी लाने और पंचायत भवन के सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग ने सोमवार को विकासखंड कर्वी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिद्धपुर में फार्मर रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व कार्यों और सचिवालय की व्यवस्थाओं का सघन जायजा लिया।
ग्राम पंचायत सिद्धपुर के लिए निर्धारित 328 के लक्ष्य के सापेक्ष 44 फार्मर रजिस्ट्री अभी अवशेष हैं। इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित लेखपाल को आधार अप्रूवल की प्रक्रिया को तत्काल पूर्ण करने तथा लंबित नाम संशोधनों को आज ही निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया गया। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं प्रतिदिन फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। किसानों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें कैंप में आमंत्रित किया जाए। ताकि शत प्रतिशत रजिस्ट्री अतिशीघ्र पूर्ण हो सके। जिन व्यक्तियों के पास भूमि उपलब्ध नहीं है। उन्हें अपात्र घोषित करते हुए उनकी सूची उपनिदेशक कृषि को प्रेषित की जाए। ताकि अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री न होने की स्थिति में संबंधित कृषक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उर्वरक सब्सिडी व अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाएंगे। तत्पश्चात् डीएम ने पंचायत सचिवालय के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया। सचिवालय की बाउंड्रीवॉल का कार्य भूमि विवाद के कारण बाधित होने पर लेखपाल, सचिव और ग्राम प्रधान को आपसी समन्वय से तत्काल निस्तारण कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। लाइब्रेरी हॉल छोटा होने की समस्या पर उन्होंने निर्देशित किया कि वर्तमान में ग्राम प्रधान कक्ष में कुर्सियों की व्यवस्था कर वैकल्पिक रूप से संचालन शुरू किया जाए। अन्नपूर्णा भवन में बने रैंप के मानक के अनुरूप न होने पर सचिव को निर्देशित किया कि उसे तत्काल ठीक कराने तथा परिसर में मिट्टी भराई कराकर सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम प्रधान, सचिव और लेखपाल को संयुक्त रूप से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायत में मुनादी कराने के लिए कहा है। इस अवसर पर सदर एसडीएम पूजा साहू, उपनिदेशक कृषि राजकुमार, ग्राम प्रधान रामकिंकर सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————-