March 18, 2026

आगामी ईद, सरहुल, हिन्दू नववर्ष एवं रामनवमी को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

आगामी ईद, सरहुल, हिन्दू नववर्ष एवं रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नगर भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन समितियों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान त्योहारों के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न मांगें एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिस पर प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सभी से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में सभी धर्मों के लोगों द्वारा सदैव शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की परंपरा रही है। सभी लोग एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा भड़काऊ एवं संदिग्ध पोस्ट को अनजाने में भी साझा न करें। जुलूसों को संयमित एवं व्यवस्थित रखने के लिए स्वयंसेवकों की सहायता लेने की भी सलाह दी गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री ऋषभ गर्ग ने आयोजकों से संयमित एवं स्वनियंत्रित तरीके से शोभायात्रा निकालने, पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने, निर्धारित रूट एवं समय का पालन करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सिटी श्री कुमार शिवाशीष ने कहा कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नशे की हालत में जुलूस में शामिल होने वालों को रोका जाएगा तथा साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा।

Report: Anand Kishor

Written by

Anand Kishor

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION