April 4, 2026

प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना हेतु विशेष शिविरों का आयोजन

*अलवर शहर की यूआईटी कॉलोनियों में 8 अप्रैल से 13 मई तक आयोजित होंगे विशेष शिविर

आमजन शिविरों में पंजीकरण कराकर उठा सकेंगे मुफ्त बिजली योजना का लाभ

अलवर, 2 अप्रैल। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं योजना से होने वाले लाभों की जानकारी प्रदान करने हेतु शहर की यूआईटी कॉलोनियों में 8 अप्रैल से 13 मई तक 6 दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन होगा। सभी शिविरों का आयोजन प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक किया जाएगा।

जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियन्ता श्री आर.एस. बंसल ने बताया कि जेवीवीएनएल द्वारा अलवर शहर में अप्रैल माह के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को एकीकृत सुविधा प्रदान करने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर की यूआईटी कॉलोनियों के लिए 8 अप्रैल से शिविरों का शुभारम्भ होगा।

उन्होंने बताया कि *8 अप्रैल* को स्कीम नं. 1 में कबूतर पार्क के पास, हसन खां मेवात में सामुदायिक भवन के पास, रणजीत नगर में जीएसएस के पास, शालीमार नगर में टैल्को जीएसएस के पास एवं साउथ वेस्ट ब्लॉक में राम मंदिर के पास विशेष शिविर का आयोजन होगा। इसी प्रकार *15 अप्रैल* को स्कीम नं. 8 में प्रताप ऑडिटोरियम के सामने, वैशाली नगर में जीएसएस के पास, विज्ञान नगर में टैल्को जीएसएस के पास एवं बुधविहार में स्टैण्ड के पास, *22 अप्रैल* को स्कीम नं. 5 में गर्वनमेंट प्रेस के पास, अम्बेडकर नगर में सामुदायिक भवन, सूर्य नगर व अरावली विहार में सामुदायिक भवन के पास एवं शिवाजी पार्क में हॉस्पिटल के पास, *29 अप्रैल* को स्कीम नं. 7 में शॉपिंग कॉम्पलेक्स पर एवं स्कीम नं. 2/3 में गर्वनमेंट स्कूल के पास, *6 मई को* मालवीय नगर में पीएचईडी ऑफिस के पास, *13 मई* को शांति कुंज में राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने विशेष शिविरों का आयोजन होगा।

*शिविर में इस प्रकार उठाएं पीएम सूर्यघर योजना का लाभ*

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत लाभार्थी परिवार को 1 किलोवाट क्षमता वाले रूफटॉफ सौलर सिस्टम के लिए 30 हजार रुपये की सब्सिडी, इसी प्रकार 2 किलोवाट क्षमता वाले रूफटॉफ सौलर सिस्टम के लिए 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक वाले रूफटॉफ सौलर सिस्टम के लिए 78 हजार रुपये की सब्सिडी देय है। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ता मौके पर ही पीएम सूर्यघर योजना एवं 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के लिए पंजीकरण कर सकेंगे, जिसमें 150 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली योजना के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को 1.1 किलोवाट या अधिक के सौलर सिस्टम पर 17 हजार रूपये की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को लगभग 6 प्रतिशत की कम ब्याज दर पर लोन सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे सोलर प्लांट लगवाना और अधिक सुलभ हो जाता है। सामान्यतः सोलर प्लांट की लागत 4-5 वर्षों में ही वसूल हो जाती है, जबकि इसकी आयु लगभग 25 वर्ष तक होती है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली बिल में बचत का लाभ मिलता है।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत वेंडर्स एवं बैंक प्रतिनिधि भी शिविर स्थल पर उपस्थित रहेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट स्थापना, वित्तीय सहायता (लोन) एवं अन्य संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर तुरंत उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में आवेदन के लिए शर्तों में आवेदक के पास एक घर होना चाहिए, जिसकी छत सौर पैनल लगाने के लिए उपयुक्त हो। घर के पास वैध बिजली कनेक्शन होना चाहिए। सोलर पैनल के लिए किसी अन्य सब्सिडी का आवेदक लाभ नहीं ले रहा हो। इस योजना में शामिल होने वाले परिवार राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से सब्सिडी के लिए आवेदन करने और छत पर सौर ऊर्जा स्थापित करने के लिए एक उपयुक्त विक्रेता का चयन करने में सक्षम होंगे।
—————————————————-

RAHUL MAHAWAR

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION