बोकाखात के श्री सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी में कल धूमधाम के साथ मनाए जा रहे तीन दिवसीय श्री हनुमान जन्मोत्सव के आखरी दिन कल बालाजी महाराज की भव्य झांकी के साथ एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। अपराह्न 3.15 बजे नगर के श्री सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी परिसर से नगर की प्रमुख सड़क से निकाली जाने वाली इस शोभायात्र में धार्मिक भावना को ध्यान में रखकर पारंपरिक वेषभूषा में बड़ी संख्या में भक्तों से इसमें शामिल होने की अपील की गई है। इसके अलावा अन्य पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ सायं 7.15 बजे से धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। दूसरी तरफ जन्मोत्सव के दूसरे दिन आज प्रातः 6.15 बजे धनश्री नदी घाट से ठाकुरबाड़ी तक कलश यात्रा निकाली गई। इसमें उत्साही श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कलश में जल भरकर हनुमान जी महाराज के विग्रह का भक्ति
जलाभिषेक किया। इसके बाद श्री हनुमान जन्मोत्सव पालन समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार जालान ने ठाकुरबाड़ी के प्रांगण में ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों का श्रीगणेश किया। इस दौरान अध्यक्ष के साथ अन्य विशिष्ट व्यक्तियों का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात विशिष्ट समाजसेवीद्वय क्रमशः रामलाल मोर और देवी प्रसाद चौधरी ने श्री गणेश जी महाराज और श्री हनुमान जी महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। इससे पहले आयोजन समिति की ओर से दोनों उद्घाटनकर्ताओं का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आयोजक समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अरुण मोर ने किया।
आज पावन पूर्णिमा दिन के मंदिर में विशेष पूजा अर्चना, आरती एवं सवामणि प्रसाद चढ़ाने के कार्यक्रम हुए। मंदिर में बालाजी महाराज के दर्शन के लिए दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
दूसरे दिन के अन्य कार्यक्रमों में अखंड रामायण पाठ और अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ हुआ। इसका समापन कल होगा। इसी बीच आज हनुमान चालीसा पाठ का एक आकर्षक कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें एक सौ से अधिक नन्हें बच्चों एक साथ हनुमान चालीस का पाठ कर पूरे माहौल में भक्तिमय बना दिया। इसके आयोजन में अनीता अग्रवाला, अजीता जालान और पुनीत चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले कल सायं 7.15 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ जन्मोत्सव का आगाज किया गया। स्थानीय श्री बालाजी सुंदरकांड समिति, श्री मरुत भजन मंडल और श्री संकट मोचन भजन मंडली ने इसमें सुंदरकांड पाठ की शानदार संगीतमय प्रस्तुति दी। इस दौरान तीनों समितियों के अध्यक्ष क्रमशः अशोक पटवारी, भरत सिंह और सुशील शर्मा का आयोजकों ने दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। अपनी अद्भुत शक्ति, साहस, बुद्धि और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट भक्ति के लिए प्रसिद्ध श्री हनुमान जी महाराज के इस पावन जन्मोत्सव को सफल बनाने के लिए आयोजक समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार जालान, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण मोर और सचिव दिलीप चौधरी ने समस्त धर्मपरायण लोगों से आह्वान किया है।