March 13, 2026

अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लम्बरों को किया गया सम्मानित

जमशेदपुर | रिपोर्ट: आनंद किशोर

अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस के अवसर पर आज दिनांक 11 मार्च 2026 को पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत निरीक्षण भवन में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर द्वारा संयुक्त रूप से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता समेत विभागीय पदाधिकारी एवं प्लम्बर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल आदित्यपुर द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत के साथ की गई। इस दौरान 08 मार्च 2026 से संचालित “जल महोत्सव” कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के तहत आज प्लम्बर दिवस मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था में प्लम्बरों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करना है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में “नल से जल” की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्लम्बरों की अहम भूमिका है। उनके योगदान के कारण ही लोगों तक शुद्ध पेयजल पहुंच पाता है, जिसके लिए विभाग उनकी सराहना करता है।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ने सभी प्लम्बरों को अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्लम्बर समाज को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे उनके सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि “जल महोत्सव पखवाड़ा” का आयोजन 08 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के अनुसार तिथिवार कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान जल जीवन मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लम्बरों को शॉल एवं टूल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंत में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जमशेदपुर द्वारा जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्लम्बर एवं अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित थे।

Written by

Anand Kishor

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION