📍 जमशेदपुर | रिपोर्ट: आनंद किशोर | बिहार-झारखंड न्यूज़ नेटवर्क
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और सम्पूर्णता अभियान 2.0 की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विकास कार्यों की प्रगति पर गहन मंथन हुआ।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, अंबेडकर आवास योजना और पीएम जनमन योजना समेत सभी आवास योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अप्रैल माह के अंत तक सभी लक्ष्यों की 100% प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बीडीओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन लाभुकों को पहली किस्त मिल चुकी है, उनसे तुरंत निर्माण कार्य शुरू कराया जाए और दूसरी किस्त से पहले भवनों का जियोटैग अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही सभी अधूरे मकानों को हर हाल में अप्रैल अंत तक पूरा करने को कहा गया।
👉 मनरेगा पर सख्ती:
उपायुक्त ने मनरेगा में फर्जी मस्टर रोल, जॉब कार्ड और भुगतान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि ऐसी शिकायतें बिल्कुल नहीं आनी चाहिए। रोजगार दिवस पर कैंप लगाकर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया गया।
👉 हर गांव में रोजगार की गारंटी:
पलायन रोकने के लिए प्रत्येक गांव में कम से कम 5 योजनाओं के संचालन का निर्देश दिया गया। साथ ही निष्क्रिय और शून्य व्यय वाली योजनाओं को बंद करने का प्रस्ताव देने को कहा गया।
👉 आदिम जनजातियों पर फोकस:
करीब 3 हजार आदिम जनजाति परिवारों को पक्का मकान देने के लिए विशेष सर्वे कराने और किसी भी योग्य लाभुक को वंचित न रखने के निर्देश दिए गए।
—
☀️ सोलर योजना को मिलेगा बढ़ावा
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए शहरी क्षेत्रों में आवेदन बढ़ाने और ग्रामीण इलाकों में सोलर आधारित योजनाओं—जैसे सोलर स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, आटा चक्की व छोटे उद्योग—को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
—
📊 सम्पूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा
28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक चल रहे अभियान में मुसाबनी और डुमरिया प्रखंड में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि के 6 प्रमुख संकेतकों पर 100% लक्ष्य हासिल करने पर चर्चा हुई।
👉 पशुपालन विभाग को पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए गए।
👉 स्वास्थ्य विभाग को टीबी मरीजों की पहचान और इलाज में तेजी लाने को कहा गया।
👉 ग्राम सभाओं, स्वास्थ्य मेलों और पोषण अभियानों के नियमित आयोजन पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एनईपी निदेशक संतोष कुमार गर्ग, समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी सहित सभी प्रखंडों के बीडीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।