कौशाम्बी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली तथा पुलिस कर्मियों के अनुशासन, कार्यकुशलता, शारीरिक दक्षता और प्रशिक्षण की समीक्षा की।
परेड के दौरान जवानों को दौड़, पीटी एवं ड्रिल का अभ्यास कराया गया, जिससे उनकी फिटनेस और तत्परता का आकलन किया जा सके। निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक ने टोलीवार जवानों के टर्नआउट एवं अनुशासन की भी जांच की।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मेस में भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इसके अलावा गणना कार्यालय, डीसीआर, शस्त्रागार, डायल-112 कार्यालय, परिवहन शाखा एवं अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बैरकों की साफ-सफाई, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। जहां सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की प्रभावी कार्यप्रणाली के लिए अनुशासन, शारीरिक दक्षता और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाएं आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा और कानून-व्यवस्था के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के निर्देश दिए।