मटदर में भैरम बाबा मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग, बुंदेली सेना ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
चित्रकूट। मटदर स्थित भैरम बाबा मंदिर तक जाने वाले मार्ग के निर्माण की मांग एक बार फिर उठी है। बुंदेली सेना ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंदिर तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह के अनुसार, मटदर के भैरम बाबा मंदिर क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों और दर्जनों गांवों के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। भाद्रपद माह सहित विभिन्न अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और धार्मिक आयोजनों के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कच्चे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन कठिन हो जाता है।
बुंदेली सेना का कहना है कि पूर्व में भी मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग उठाई गई थी। संगठन के अनुसार, पूर्व में प्रशासनिक स्तर पर इस संबंध में आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन सड़क निर्माण का कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।
संगठन ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग से मांग की है कि क्षेत्र की भौगोलिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए मंदिर तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सके।