मसूरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मसूरी के कुलड़ी स्थित इंद्रमणि बडोनी चौक पर नागरिकों, प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण के महत्व को लेकर एक शांतिपूर्ण मौन प्रदर्शन आयोजित किया।
इस पहल का नेतृत्व HRIDA Green Living की संस्थापक ईशा वैश और Mussoorie Heritage Centre की सुरभि अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने प्रस्तावित देहरादून–मसूरी हाईवे परियोजना के संदर्भ में संभावित वृक्ष कटान को लेकर चिंता व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई होती है तो इसका असर स्थानीय पर्यावरण, हरित आवरण और प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ सकता है।
हाथों में विभिन्न संदेश लिखी तख्तियां लेकर प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और संतुलित विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य विकास कार्यों का विरोध करना नहीं, बल्कि पर्यावरणीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की मांग करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।