फतेहपुर सीकरी में खेत पर मिला किसान का शव
आगरा ब्रेकिंग:
आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत पर सब्जी की फसल की रखवाली करने गए एक 25 वर्षीय किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। युवक का शव अर्धनग्न हालत में था और उसके शरीर पर जलने तथा गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
रात में झोपड़ी में सोने गया था युवक:
प्राप्त जानकारी के अनुसार रसूलपुर निवासी बाबूलाल का 25 वर्षीय पुत्र सुभाष चंद्र शनिवार रात रोजाना की तरह अपने खेत में लगी सब्जी की फसल की रखवाली करने के लिए गया था। वह खेत पर ही बनी एक झोपड़ी में रात बिताता था। रविवार सुबह जब उसका बड़ा भाई गोविंद किसी काम से खेत पर पहुंचा, तो उसने देखा कि सुभाष खेत में ही एक स्थान पर अचेत और अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था।
शरीर पर मिले जलने व चोट के निशान, परिजनों का हत्या का आरोप:
भाई गोविंद द्वारा पास जाकर देखने पर सुभाष की मृत्यु हो चुकी थी। उसके शरीर पर जगह-जगह जलने के निशान और चोट के गंभीर घाव दिखाई दे रहे थे। यह दृश्य देखते ही भाई ने शोर मचाया और ग्रामीणों को एकत्र किया। घटना की सूचना तुरंत फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस को दी गई। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि सुभाष की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि किसी ने रंजिश या विवाद के चलते उसकी निर्मम हत्या की है और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, रिपोर्ट का इंतजार:
सूचना मिलते ही फतेहपुर सीकरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की तहरीर और तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।