आगरा में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
आगरा: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, कोर्ट के आदेश पर प्रेमी व सिपाही जीजा पर मुकदमा दर्ज
आगरा: आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और जेवर हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की याचिका पर न्यायालय के आदेश के बाद सिकंदरा थाने में मथुरा के महाबन निवासी आरोपी सौरभ सिंह और उसके सिपाही जीजा मुकेश इंदौलिया के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, धमकी और दलित उत्पीड़न (SC/ST Act) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर जेवर हड़पने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, कुछ वर्ष पहले उसकी मुलाकात सौरभ सिंह से हुई थी। आरोप है कि सौरभ ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए। जब पीड़िता ने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने जाति का हवाला देकर मना कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के पास उसके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो हैं, जिन्हें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर उसने जेवरात भी ले लिए।
सिपाही जीजा पर धमकाने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
पीड़िता ने बताया कि जब उसने पुलिस में जाने की बात कही, तो आरोपी ने अपने सिपाही जीजा मुकेश इंदौलिया (जो कानपुर के रसूलाबाद थाने में तैनात है) की धमकी दी। आरोप है कि 19 फरवरी को सिपाही मुकेश ने पीड़िता के घर पहुंचकर उसे धमकाया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
अदालत के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई
पुलिस स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद सिकंदरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। सिकंदरा इंस्पेक्टर राजीव त्यागी ने बताया कि मामले में नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर विधिक जांच शुरू कर दी गई है।