आगरा आरटीओ में 23 अक्टूबर को लगेगा परिवहन मेला
आगरा ब्रेकिंग:
आगरा RTO में 23 अक्टूबर को लगेगा परिवहन मेला, टैक्स से लेकर फिटनेस तक के होंगे काम
आगरा, 12 अक्टूबर 2026। वाहन स्वामियों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों की सुविधा के लिए आगरा के संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) में अक्टूबर से दिसंबर तक तीन परिवहन मेले आयोजित किए जाएंगे। पहला मेला 23 अक्टूबर को लगेगा। इन मेलों में वाहन संबंधी कई जरूरी कार्य कराने की सुविधा मिलेगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विनय कुमार सिंह के अनुसार, परिवहन मेलों की तारीखें तय कर दी गई हैं। दूसरा मेला 27 नवंबर और तीसरा 26 दिसंबर को आयोजित होगा।
एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं
परिवहन मेलों में वाहन स्वामी बकाया कर जमा कर सकेंगे और शास्ति में छूट का लाभ लेने से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा नए वाहनों का पंजीकरण, फिटनेस और परमिट से जुड़े काम भी किए जाएंगे।
स्क्रैप वाहन और TTZ नियमों पर भी जागरूकता
मेले में पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने के बदले नए वाहनों के पंजीकरण से संबंधित जानकारी दी जाएगी। साथ ही, आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों और ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) से जुड़े आदेशों के प्रति वाहन स्वामियों को जागरूक किया जाएगा।
वाहन स्वामियों और परिवहन व्यवसायियों के लिए ये मेले जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी लेने और संबंधित कार्य कराने का अवसर होंगे।