इंडी गठबंधन को चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले बताएं कि उसके आरोपों का ठोस प्रमाण क्या है...धर्मराज मौर्य (आनन्द कुमार द्विवेदी कौशाम्बी ब्यूरो) नारा,(कौशाम्बी)
चुनाव आयोग पर आरोपों से पहले ठोस प्रमाण सामने रखे इंडी गठबंधन: धर्मराज मौर्य
(आनन्द कुमार द्विवेदी, कौशांबी ब्यूरो)
नारा, कौशांबी।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय मंझनपुर में इंडी गठबंधन द्वारा झूठ, भ्रम और अफवाह की राजनीति तथा लगातार लगाए जा रहे आरोपों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने संबोधित किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट मत है कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव हैं और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास सर्वोपरि है। यदि किसी दल के पास मतदाता सूची अथवा चुनाव प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस आपत्ति है तो उसे संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से प्रमाण सहित सामने रखना चाहिए, न कि जनता के बीच भ्रम और अविश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन को चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले यह बताना चाहिए कि उसके आरोपों का ठोस प्रमाण क्या है। केवल राजनीतिक बयान, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया के दावों से संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न नहीं लगाया जा सकता। लोकतंत्र में सवाल पूछने का अधिकार सभी को है, लेकिन सवाल के साथ तथ्य और प्रमाण देना भी उतना ही आवश्यक है।
धर्मराज मौर्य ने कहा कि जनता के बीच भ्रम फैलाकर चुनावी व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करना लोकतांत्रिक विमर्श को मजबूत नहीं करता। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कोई ठोस शिकायत है तो उसके लिए कानून में निर्धारित प्रक्रियाएं मौजूद हैं। विपक्ष को उन संवैधानिक प्रक्रियाओं का सहारा लेना चाहिए, न कि बिना प्रमाण के आरोपों को राजनीतिक हथियार बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने या हारने का नाम नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान और जनादेश की मर्यादा बनाए रखने का भी नाम है। हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की आधिकारिक सफाई के बाद भी यदि बिना प्रमाण आरोप दोहराए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक विमर्श को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान, लोकतंत्र और चुनावी संस्थाओं की गरिमा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता के जनादेश का सम्मान करना और चुनावी प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखना हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, नगर पालिका अध्यक्ष मंझनपुर बीरेंद्र सरोज फौजी, भरवारी की अध्यक्ष कविता पासी, चेयरमैन अजुहा शांति कुशवाहा और सिराथू के राजेंद्र कुमार यादव सहित जिला मीडिया प्रभारी ज्ञानेंद्र साहू उपस्थित रहे।
```