कमला नगर की रेणुका बाग कॉलोनी में लगी आग
ब्रेकिंग आगरा:
कमलानगर की रेणुका बाग कॉलोनी स्थित तुलसी अपार्टमेंट में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एसी के स्विच बोर्ड में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। मकान मालिक द्वारा हाल ही में लगवाए गए पीवीसी (PVC) पैनलों ने आग को बेहद तेजी से भड़का दिया, जिससे चंद मिनटों में पूरा फ्लैट आग का गोला बन गया। घटना के समय घर में सो रही दो मासूम बच्चियों और उनकी माँ की जान पुलिस व पड़ोसियों की त्वरित सूझबूझ से बच सकी।
सोते समय एसी बोर्ड से उठी चिंगारी:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी कंपनी में कार्यरत विजय शर्मा का तुलसी अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 208 है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे विजय किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी दीपिका शर्मा, 5 वर्ष की बड़ी बेटी श्री और महज 10 महीने की मासूम बेटी आश्वी सो रही थीं। इसी दौरान कमरे में लगे नए एयर कंडीशनर (AC) के बिजली बोर्ड में अचानक तेज शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों ने कमरे की दीवारों पर हाल ही में लगाए गए प्लास्टिक पीवीसी पैनलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया।
आग का अहसास होते ही मची अफ़रातफ़री:
सोते समय जब दीपिका को प्लास्टिक जलने की तेज बदबू और गर्मी का अहसास हुआ, तो उन्होंने चौंककर आंखें खोलीं। चारों तरफ धुआं और आग की लपटें देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अपनी 10 महीने की बेटी आश्वी को गोद में उठाया और जान बचाकर बाहर की तरफ भागीं। चीख-पुकार सुनकर अपार्टमेंट के पड़ोसी तुरंत मदद के लिए दौड़े। हालांकि, हड़बड़ाहट और लपटों के बीच उनकी 5 साल की मासूम बेटी श्री कमरे के अंदर ही फंसी रह गई।
पुलिस व पड़ोसियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा:
पड़ोसियों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए सबसे पहले फ्लैट में रखे दो घरेलू गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा अपार्टमेंट की मुख्य बिजली सप्लाई और पीएनजी (ग्रीन गैस) की पाइपलाइन बंद कर दी। इसी बीच सूचना पाकर ब्रज विहार पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुँच गई। पुलिसकर्मियों और पड़ोसियों ने जान की परवाह न करते हुए धुएं से भरे कमरे में प्रवेश किया और अंदर फंसी 5 साल की बच्ची श्री को सकुशल बाहर निकाल लिया।
सूचना पर पहुँची दमकल की गाड़ियों ने लगभग 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। पीड़ित दीपिका शर्मा ने बताया कि करीब एक महीने पहले ही नया एसी लगवाया गया था। आग लगने के कारण घर में रखा टीवी, फ्रीज, फर्नीचर, कपड़े व कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट के साथ-साथ पीवीसी पैनल के ज्वलनशील होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली।