CULTURAL NEWS

महाराष्ट्र के जांभोरा गांव की डेढ़ सौ सालों की अनोखी परंपरा

By VINOD KUMAR PANDEY • 2026-11-13 04:39 • 4 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
महाराष्ट्र के जांभोरा गांव की डेढ़ सौ सालों की अनोखी परंपरा

नवी मुंबई : भंडारा जिले की मोहाड़ी तहसील के जांभोरा गांव में बलिप्रतिपदा के अवसर पर गोधन की पारंपरिक रस्म इस वर्ष भी आयोजित की गई। स्थानीय परंपरा के अनुसार, गांव के चरवाहे विनायक परतेकी और उनके सहयोगी नरेश परतेकी, विनोद नेवारे तथा वासुदेव तलांजे जमीन पर लेट गए। इसके बाद करीब 200 गायों का झुंड उनके ऊपर से होकर गुजरा। आयोजकों के अनुसार, इस दौरान सभी चरवाहे सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस परंपरा को देखने के लिए जांभोरा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जांभोरा गांव में गोधन पूजन की यह परंपरा करीब 150 वर्षों से चली आ रही है। बताया जाता है कि चरवाहे नारायण परतेकी ने इसकी शुरुआत की थी। उनके बाद उनके बेटे सुरेश परतेकी ने इसे जारी रखा और अब तीसरी पीढ़ी के विनायक परतेकी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों की मान्यता है कि वर्षभर पशुओं को चराते समय अनजाने में उन्हें होने वाली तकलीफ के प्रायश्चित के रूप में यह रस्म निभाई जाती है।

बलिप्रतिपदा के दिन गांव की गायों को विभिन्न रंगों और पारंपरिक आकृतियों से सजाया जाता है। इसके बाद मोहफूल, आटा और चावल की खीर अर्पित कर पूजा की जाती है। आरती के बाद गायों की गांव में शोभायात्रा भी निकाली जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस अवसर पर किसानों और घर की महिलाओं को पारंपरिक रूप से काम से विश्राम दिया जाता है। स्थानीय मान्यता है कि चरवाहे के ऊपर से गायों का झुंड गुजरने से गांव पर आने वाले संकट दूर होते हैं। इसी विश्वास के कारण यह आयोजन धार्मिक रस्म के साथ-साथ पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाली सामुदायिक परंपरा के रूप में भी देखा जाता है।

##Latestupdate
VINOD KUMAR PANDEY 0 followers