WORKCULTURE

एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-08-25 05:22 • 6 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य

एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य

जमशेदपुर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के लिए निर्धारित पोशाक का पालन अनिवार्य कर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के निदेशक की ओर से 20 अगस्त को जारी पत्र के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

आदेश के तहत अस्पताल और शैक्षणिक परिसर में ड्यूटी के दौरान सभी गैर-प्रशासनिक चिकित्सकों को मेडिकल एप्रन, व्हाइट कोट सहित निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

मरीजों को डॉक्टर की पहचान में होगी आसानी

ड्रेस कोड लागू करने का प्रमुख उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टरों तथा अन्य चिकित्सा कर्मियों की पहचान आसानी से कराने का है। अस्पताल में कई बार मरीज और उनके परिजन सामने मौजूद व्यक्ति को डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ अथवा अन्य कर्मचारी के रूप में पहचान नहीं पाते हैं। निर्धारित पोशाक से मरीजों को संबंधित डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी तक पहुंचने में सुविधा होगी।

यह ड्रेस कोड अस्पताल के ओपीडी और वार्ड के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक परिसर में भी लागू रहेगा। प्राचार्य ने संस्थान के सभी संबंधित अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

निरीक्षण में लापरवाही पर हो सकती है कार्रवाई

प्राचार्य के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि कोई पदाधिकारी, चिकित्सक या कर्मचारी ड्यूटी के समय निर्धारित पोशाक में नहीं पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जा सकती है।

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers