पुलिस अधीक्षक ने वर्चुअल जनसुनवाई कर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
जालौन पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी एवं जनपद के समस्त थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में आए फरियादियों की शिकायतों और समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करें तथा प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रभावी कार्रवाई करें। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं जनविश्वास को मजबूत करने के लिए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।