प्रतापगढ़, : मिठाई और ढाबों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, छह नमूने जांच को भेजे
प्रतापगढ़, 24 अगस्त 2026। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान रेस्टोरेंट, ढाबों और मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों के कुल छह नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-।। अभय कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने रानीगंज स्थित तिवारी ढाबा से पकी हुई दाल और सरसों के तेल के नमूने लिए। इसके बाद देव भोग स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। टीम ने पावर हाउस रानीगंज स्थित मिठा महल से खोया तथा पृथ्वीगंज स्थित मनीराम स्वीट्स से भी खोया का नमूना संग्रहित किया। वहीं जिला अस्पताल चौराहा स्थित सागर जलपान गृह से खोया बर्फी और खोया के नमूने लिए गए। खाद्य विभाग के अनुसार सभी छह नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। छापेमार कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, डॉ. यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी और डॉ. शमशुन नेहा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।