रामपुर की 3,712 रसोइयों को सरकार की बड़ी सौगात, मानदेय बढ़कर ₹3,000
रामपुर , उत्तर प्रदेश: प्रदेश सरकार ने विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के कल्याण के लिए चार महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की है। मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह करने, ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना की स्थिति में ₹2 लाख की आर्थिक सहायता तथा साड़ी खरीदने के लिए मिलने वाली राशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 करने की घोषणा की।
इसी क्रम में रामपुर के विकास भवन सभागार में रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मा० कृषि राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह औलख जी एवं मा० शहर विधायक श्री आकाश सक्सेना जी की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में आयोजित मा० मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
जनपद की 3,712 रसोइयों को इन योजनाओं का लाभ मिलेगा। समारोह में चयनित रसोइयों को मुख्यमंत्री केशलेस चिकित्सा कार्ड तथा मानदेय वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। रसोइयों ने मा० मुख्यमंत्री जी की इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।