RAILWAYS

ट्रेन में यात्री की मौत, घंटों शव के साथ सफर

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-10-26 10:44 • 5 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
ट्रेन में यात्री की मौत, घंटों शव के साथ सफर

गीतांजलि एक्सप्रेस में यात्री की मौत, टाटानगर स्टेशन पर उतारा गया शव

जमशेदपुर: मुंबई से हावड़ा जा रही गीतांजलि एक्सप्रेस (12859) में शनिवार सुबह एक यात्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के भाटपाड़ा निवासी 45 वर्षीय विनोद पासवान के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह कैंसर से पीड़ित थे। ट्रेन के टाटानगर स्टेशन पहुंचने पर रात करीब 8:26 बजे उनके शव को एम-1 कोच से उतारा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे विनोद पासवान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई। यात्रियों के अनुसार, उन्होंने घटना की जानकारी ट्रेन के टीटीई को दी थी। यात्रियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद शव को तत्काल कोच से हटाने की व्यवस्था नहीं हो सकी और वह कई घंटों तक वहीं रहा।

यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन में मौजूद रेल कर्मचारियों और अधिकारियों से मदद मांगी गई। हालांकि, उनके आरोपों के अनुसार, काफी देर तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शाम करीब सात बजे महिला यात्री स्वाती जोशी ने रेल मंत्री और रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

इसके बाद ट्रेन रात करीब 8:26 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंची, जहां शव को एम-1 कोच से उतारा गया। इसके बाद ट्रेन हावड़ा के लिए रवाना हो गई।

यात्रियों ने ट्रेन के करीब 12 घंटे की देरी से चलने के साथ-साथ भोजन-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि लंबी देरी के दौरान बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशानी हुई। कोच के शौचालयों की स्थिति को लेकर भी यात्रियों ने शिकायत की।

यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में आपातकालीन चिकित्सा सहायता की व्यवस्था मजबूत की जाए। साथ ही, किसी यात्री की मौत होने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से जल्द उतारने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

##Latestupdate
SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers