आ गई फाइनल डेट, नोएडा एयरपोर्ट का इस दिन होगा उद्घाटन, दिल्ली एयरपोर्ट से है ढाई गुना बड़ा
Noida Jewar Airport News: गौतम बुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा ने जेवर एयरपोर्ट को लेकर कहा कि यह मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व की बात है. यह विकसित भारत के सपनों की दिशा में एक कदम होगा. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के उद्घाटन को लेकर उत्साह का माहौल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 28 मार्च को इस महत्वाकांक्षी एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. गौतम बुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 मार्च को जेवर हवाई अड्डे का उद्घाटन पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. यूपी के सीएम योगी ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तैयारियों का निरीक्षण भी किया. गौतम बुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा ने कहा, “28 मार्च को जेवर एयर पोर्ट उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. यह मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व की बात है. यह विकसित भारत के सपने की दिशा में एक कदम है. मुझे खुशी है कि जब इसकी आधारशिला रखी गई थी, तब मैं नागरिक उड्डयन मंत्रालय से जुड़ा हुआ था. मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री उन परियोजनाओं का उद्घाटन करने वाले हैं, जिनकी आधारशिला उन्होंने ही रखी थी.” जेवर एयरपोर्ट पूरी तरह से विकसित होगा- महेश शर्मा उन्होंने आगे कहा, ”यह एक पूर्ण विकसित हवाई अड्डा होगा. यहां एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल) सुविधा होगी, जहां विमानों की मरम्मत की जाएगी, साथ ही कार्गो और यात्री सुविधाएं भी होंगी. यह दिल्ली एयरपोर्ट से ढाई गुना और मुंबई हवाई अड्डे से तिगुना बड़ा है. यह एशिया का एक विशाल एयरपोर्ट है.” ‘जेवर से उठेगा विकास का विराट स्वर’ जेवर से विधायक धीरेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”जेवर से उठेगा विकास का विराट स्वर, इतिहास रचने को तैयार उत्तर प्रदेश. आज नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को सफल बनाने की रणनीति तय की गई. जेवर की जनता बड़ी संख्या में मौजूद रहकर करेगी स्वागत उन्होंने आगे लिखा, ”मुख्यमंत्री जी को दृढ़ विश्वास के साथ आश्वस्त किया कि जेवर क्षेत्र की जनता डेढ़ से दो लाख से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ऐतिहासिक स्वागत करेगी. जिन अन्नदाताओं ने अपने सपनों को राष्ट्र के सपनों से जोड़ते हुए अपनी जमीनें दी, वही किसान गर्व और उत्साह के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी की अगवानी को आतुर हैं.”