मानगो नगर निगम की नव निर्वाचित महापौर श्रीमती सुधा गुप्ता को प्रमंडलीय आयुक्त कोल्हान श्री रविरंजन कुमार विक्रम द्वारा जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित एक गरिमामय एवं भव्य समारोह के दौरान पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पूरे सभागार में उत्साह, उल्लास एवं सम्मान का वातावरण देखने को मिला।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने नव निर्वाचित महापौर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महापौर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि नई महापौर पारदर्शिता, निष्पक्षता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए शहर को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का कार्य करेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शहर में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा सकता है, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नव निर्वाचित महापौर श्रीमती सुधा गुप्ता ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगी और शहर के विकास, सुशासन एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
कार्यक्रम में नगर निगम के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नव निर्वाचित महापौर को शुभकामनाएँ देते हुए मानगो के सर्वांगीण विकास की आशा व्यक्त की।