धनबाद: जिले में संचालित विभिन्न स्कूलों की बसों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अधिकांश बसों में ड्राइवर और खलासी के अलावा किसी शिक्षक या शिक्षिका की प्रतिनियुक्ति नहीं की जा रही है, जबकि बच्चों के आवागमन के समय यह अनिवार्य है।
इसके अलावा कई बसों में फर्स्ट एड किट, अग्निशमन यंत्र, जीपीएस सिस्टम और आपातकालीन नंबर जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव देखा गया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
इस मुद्दे पर धनबाद के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने उपायुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं झारखंड अभिभावक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने रांची से जारी बयान में स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों के सख्त पालन और बच्चों के मूवमेंट के समय शिक्षकों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की जा रही है, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
ASHUTOSH KUMAR MAIRH
District Reporter