मोजतबा नहीं तो किससे बात कर रहे हैं ट्रंप? ईरान के सामने रखा 15-सूत्रीय समझौते का प्रस्ताव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध रोकने के लिए बातचीत का दावा किया, जिसे ईरान ने तुरंत खारिज कर दिया। ट्रंप ने बाद में स्पष्ट किया कि वे ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी से संपर्क में हैं, मोजतबा खामेनेई से नहीं।डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने आज सोमवार को ईरान के खिलाफ युद्ध को पांच दिन के लिए रोकने की बात कही और बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच जंग रोकने को लेकर बातचीत चल रही है।
ट्रंप के बयान के बाद ईरान का जवाब भी सामने आया। ईरान ने ट्रंप के बातचीत के सभी दावों को खारिज करते हुए कहा, ‘अमेरिका के साथ हमारी कोई बातचीत नहीं हुई है। ट्रंप केवल ऊर्जा बाजार को स्थिर करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं, क्योंकि कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।ईरान के बातचीत से इनकार के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर जवाब दिया है और ईरान के साथ 15-सूत्रीय प्रस्ताव पर होने वाली बात के बारे में भी बताया है।
ईरान में किससे बात कर रहे ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सीएनएन से बातचीत करते हुए कहा, ‘युद्ध खत्म करने की कोशिशों के तहत अमेरिका, ईरान के एक शीर्ष व्यक्ति के संपर्क में है।’
ट्रंप ने अपने बयान में जोर देते हुए कहा, ‘वह व्यक्ति ईरान के नए सुप्रीम लीडर, मोजतबा खामेनेई नहीं हैं। वह सत्ता का एक वरिष्ठ व्यक्ति है।’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि इस बातचीत में संयुक्त राज्य अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और पूर्व वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर भी शामिल हैं।