🟥 सनसनी खबर 🟥
वर्धा में शादी के बीच खौफनाक वारदात! नाबालिग भतीजे ने चाचा और चचेरे भाई की चाकू से हत्या
महाराष्ट्र के वर्धा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के खुशियों भरे माहौल के बीच एक नाबालिग भतीजे ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई की चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना वर्धा के महिला आश्रम के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर में हुई। बरवड़ी गांव के भलमे परिवार में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात धूमधाम से मंदिर पहुंची थी और चारों ओर खुशी का माहौल था।
इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए नाबालिग आरोपी ने दबे पांव अपने चाचा प्रभाकर भलमे और चचेरे भाई नितीन भलमे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बारात में अफरा-तफरी मच गई।
दोनों घायलों को तुरंत सेवाग्राम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भलमे परिवार में संपत्ति को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। करीब आठ महीने पहले भी आरोपी और मृतकों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी पहले से ही दोनों की हत्या की साजिश रच रहा था।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि आरोपी ने हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया चाकू ऑनलाइन मंगवाया था। शादी की भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर उसने अपने प्लान को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया है और पूरे इलाके में डर का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
रिपोर्टर: अमर शिवाजी पठारे
इंडियन प्रेस यूनियन (IPU)