अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “जल महोत्सव पखवाड़ा” का शुभारंभ, 8 से 22 मार्च तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम
जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर “जल महोत्सव पखवाड़ा” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। रक्षा, खेल, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की उन्होंने सराहना की।
उन्होंने बताया कि “जल महोत्सव पखवाड़ा” का आयोजन 8 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। भारत सरकार द्वारा इस संबंध में तिथि अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन हेतु दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने को लेकर उप विकास आयुक्त ने आवश्यक निर्देश भी दिए। साथ ही बताया कि 22 मार्च 2026 को उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल साहिया एवं मुखिया को उपायुक्त महोदय द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया एवं जल साहिया को सम्मानित भी किया गया। वहीं कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल आदित्यपुर द्वारा जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी जिला समन्वयक, प्रखंड वॉश समन्वयक, मुखिया तथा जल साहिया उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: आनंद किशोर
जमशेदपुर