March 30, 2026

जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों की समस्याएं सुनी और मार्ग मरम्मत के निर्देश दिए। आनन्द कुमार द्विवेदी

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज “गाँव की समस्या, गाँव में समाधान“ कार्यक्रम के तहत विकास खंड सिराथू के ग्राम रघुनाथपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक अभियंता लो.नि.वि. को ग्राम तक पहुंचने वाली संपर्क मार्ग का मरम्मत कार्य फरवरी माह तक पूरा कराने के लिए कहा। साथ ही सहायक अभियंता लघु सिंचाई को प्राथमिक विद्यालय में कराए गए कार्यों, निपुण तालिका, साफ-सफाई और डी.बी.टी. का सत्यापन कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बी.एम.एम. एवं खंड विकास अधिकारी से कहा कि ग्राम की महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाए और उन्हें उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने लाभार्थियों से पुष्टाहार, पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना और आवास जैसी योजनाओं के लाभों की जानकारी ली और कहा कि छूटे हुए पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए।

ग्रामवासियों से शिक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने सुनिश्चित किया कि शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचते हैं, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता अच्छी है और बच्चों को पाठ्यपुस्तकें समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में ग्रामीणों ने बताया कि सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं अच्छी हैं। पशु स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी लेने के बाद मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए।

खंड विकास अधिकारी को सभी हैंडपंपों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराने के लिए निर्देशित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने ग्रामवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कराए गए सर्वे में 132 पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित करने की जानकारी दी। जल-जीवन मिशन के तहत जल आपूर्ति में समस्या के संबंध में जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी से सत्यापन कराने और सहायक अभियंता, जल निगम को नियमानुसार पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी और लाभ उठाने की अपील की।

Anand Kumar Dwivedi

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION