जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा
नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जमशेदपुर सदर प्रखंड के कीताडीह स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, रिकॉर्ड संधारण एवं वेयरहाउस की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि वेयरहाउस सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी सीसीटीवी कैमरे निरंतर कार्यशील रहें, रिकॉर्डिंग का समयबद्ध बैकअप लिया जाए तथा नियमित तकनीकी जांच अनिवार्य रूप से की जाए।
उपायुक्त ने दैनिक निरीक्षण रजिस्टर एवं लॉग बुक को पारदर्शी और अद्यतन रखने, अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा सुरक्षा व्यवस्था की नियमित ऑडिट एवं निगरानी तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
✍️ Report: Anand Kishor