आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.
भारत की ओर से मिले 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246 रन ही बना पाई.
जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 33 रन खर्च कर एक विकेट लिया. वहीं हार्दिक पंड्या ने चार ओवर में 38 रन खर्च कर दो विकेट लिए. इन दोनों की गेंदबाजी ने भारत को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
बेथेल ने 48 गेंद पर 105 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को मैच में आखिरी ओवर तक रोमांच बनाए रखा. लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला पाई.भारत के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंद में 89 रन की पारी खेली. इसके अलावा ईशान किशन ने 39 और शिवम दुबे ने 43 रन का योगदान दिया. संजू सैमसन को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
हार्दिक पंड्या ने 26 रन की पारी खेलकर स्कोर को 250 के पार करवाने में अहम भूमिका निभाई.भारतीय बल्लेबाजों के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज बेअसर साबित हुए. आर्चर ने चार ओवर में 69 रन खर्च किए और उन्हें एक विकेट ही मिला.
विल जैक्स और आदिल रशीद को हालांकि दो-दो विकेट मिले.254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही. इंग्लैंड ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ही पहला विकेट गंवा दिया. फ़िल सॉल्ट ने महज पांच रन की पारी खेली.
हार्दिक पंड्या ने ना सिर्फ दूसरे ओवर में विकेट लिया, बल्कि महज दो रन ही खर्च किए. इंग्लैंड की पारी थोड़ी आगे बढ़ी ही थी कि चौथे ओवर की पहली गेंद पर बैकवर्ड पाइंट पर अक्षर पटेल ने हैरी ब्रूक का शानदार कैच पकड़ा. ब्रूक ने सात रन ही बनाए और बुमराह को उनका विकेट मिला.
छठे ओवर की पहली तीन गेंदों पर जेकब बेथेल ने तीन छ्क्के लगाकर इंग्लैंड को मैच में वापस लाने की कोशिश की. लेकिन उसी ओवर में पांचवीं गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को बोल्ड कर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया. पावरप्ले में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 68 रन बनाए.बैंटन ने पांच गेंद पर 17 रन बनाकर बेथेल का साथ देने की कोशिश की. लेकिन 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्हें अक्षर पटेल ने बोल्ड कर दिया.
बेथेल ने इंग्लैंड के स्कोर को 8.1 ओवर में 100 के पार पहुंचा दिया. 11वें ओवर में बेथेल ने 19 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की.
बेथेल और विल जैक्स के बीच पांचवें विकेट के लिए 39 गेंद पर 77 रन की पार्टनरशिप हुई. इंग्लैंड मैच में वापस आता हुआ नज़र आ रहा था, लेकिन 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने जैक्स को आउट कर दिया. जैक्स ने 35 रन की पारी खेली.
बुमराह ने 18वें ओवर में 6 रन खर्च कर मैच को रोमांचक बना दिया. हालांकि बेथेल ने 45 गेंद पर ही अपना शतक पूरा किया. 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने 9 रन खर्च कर सैम का विकेट लिया.
इंग्लैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 30 रन बनाने की जरूरत थी. लेकिन पहली गेंद पर ही बेथेल 105 रन बनाकर रन आउट हो गए.
शिवम दुबे की ओर से फेंके गए आखिरी ओवर में इंग्लैंड ने 22 रन स्कोर किए. पर इंग्लैंड सात रन से मैच हार गया और उसका सफर सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गया.टॉस गंवाने के बाद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने जोफ्रा आर्चर के पहले ओवर में ही 12 रन स्कोर कर अच्छी शुरुआत दिलाने की कोशिश की.
लेकिन दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर विल जैक्स ने अभिषेक शर्मा का विकेट लिया. अभिषेक शर्मा अपनी पारी को 9 रन से आगे नहीं बढ़ा पाए.
संजू सैमसन और ईशान किशन ने हालांकि जल्दी विकेट गिरने का असर रनों की रफ्तार पर नहीं आने दिया और 4.3 ओवर में ही टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचा दिया.
संजू और ईशान की बदौलत भारत ने पावरप्ले में 67 रन स्कोर किए. इसके बाद भी दोनों खिलाड़ियों ने तेजी से रन बनाना जारी रखा. इसी बीच संजू सैमसन ने 26 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की.
8.3 ओवर में ही भारत का स्कोर 100 के पार हो गया. हालांकि 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर आदिल रशीद ने किशन और संजू की पार्टनरशिप को ब्रेक किया. किशन ने आउट होने से पहले 18 गेंद पर 39 रन बनाए.
संजू और किशन के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद पर 97 रन की पार्टनरशिप हुई. किशन के आउट होने के बाद भी संजू सैमसन ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा और इस कड़ी में उन्हें शिवम दुबे का अच्छा साथ मिला.हालांकि संजू इस मैच में भी शतक पूरा नहीं कर पाए. वह 42 गेंद में 89 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे.
कप्तान सूर्यकुमार कुछ खास नहीं कर पाए और 11 रन बनाकर आदिल रशीद की गेंद पर स्टंप आउट हुए. आदिल रशीद ने चार ओवर में 41 रन देकर दो विकेट लिए.
लेकिन जो शुरुआत संजू सैमसन और ईशान किशन ने दिलाई थी, उसको शिवम दुबे ने आगे बढ़ाया. लेकिन शिवम दुबे 25 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हो गए.
तिलक वर्मा ने आखिरी ओवर्स में 7 गेंद पर 21 रन बनाए. उनकी पारी में तीन छक्के शामिल रहे. वहीं हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद में 27 रन की पारी खेली.
भारत 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 253 रन बनाने में कामयाब रहा.
इस जीत के साथ भारतीय टीम चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. भारत ने 2007 और 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया है. लेकिन 2014 के फाइनल में भारत को श्रीलंका ने मात दी थी.