भोपाल में दो बहनों का कथित सेक्स ट्रैफिकिंग गिरोह बेनकाब, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप
भोपाल में दो बहनों पर युवतियों की तस्करी, उन्हें यौन शोषण के लिए मजबूर करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों बहनों — अमरीन और अफरीन — को एक सहयोगी सहित गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें कथित रूप से गरीब परिवारों की महिलाओं को निशाना बनाती थीं। उन्हें नौकरी और बेहतर जीवनशैली का लालच देकर बुलाया जाता था और बाद में उनका शोषण किया जाता था। आरोपी पहले अब्बास नगर में रहती थीं, बाद में अशिमा मॉल के पास सागर रॉयल विला स्थित एक मकान में शिफ्ट हो गई थीं।
रविवार रात दो महिलाओं की शिकायत के बाद मामला उजागर हुआ। 21 और 32 वर्ष की दो पीड़िताएं बैग सेवनिया थाने पहुंचीं और अलग-अलग शिकायत दर्ज कराईं। एक महिला भोपाल की रहने वाली है, जबकि दूसरी छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से है। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम चैट के जरिए हुई थी और बाद में उन्हें पता चला कि वे एक ही गिरोह का शिकार बनी हैं।