माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त व एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
जमशेदपुर, 24 फरवरी : भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट तथा निर्धारित रूट लाइन का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कदमा स्थित श्री जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर एवं मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, अतिथि दीर्घा, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, मीडिया प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी संबंधित पदाधिकारियों को राष्ट्रपति कार्यक्रम को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सोनारी एयरपोर्ट पहुंचकर आगमन व्यवस्था का जायजा लिया तथा एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक निर्धारित रूट लाइन का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल भी कराया गया, जिसमें एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता एवं सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया। उपायुक्त ने बताया कि माननीय राष्ट्रपति के आगमन को पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने हेतु सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं तथा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
✍️ रिपोर्ट : आनंद किशोर