युवती से चेन स्नैचिंग करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, एक नाबालिग गिरफ्तार
महराजगंज। महराजगंज जिले में युवती से चेन लूट की घटना में शामिल एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, एक अवैध .315 बोर का तमंचा और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ धुरी गांव निवासी सत्येंद्र अपनी पत्नी और बेटी के साथ दवा लेकर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। रास्ते में टेंडा सुरैया गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बेटी के गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
सोमवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी सर्विस रोड पर देखे गए हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
घायल आरोपी की पहचान अंकित जोशी निवासी बासूपुर पौड़िया के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और लूट जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।